कांग्रेस महिला मोर्चा का प्रदर्शन
अंकिता हत्याकांड में न्याय की मांग: हाथों में राखी और बैनर लेकर कांग्रेस महिलाओं का प्रदर्शन, पुलिस ने रोका
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथीबड़कला से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने के लिए सड़कों पर उतरे।
इस न्याय मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में बैनर-पोस्टर और राखी लेकर शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और अंकिता को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग उठाई। हालांकि, जब ये सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, तो पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद आक्रोशित महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं बैरिकेडिंग के पास धरने पर बैठ गए।
