उर्मिला सनावर
अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मामला दर्ज, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी करने पर हुआ केस
सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ गई हैं। एक महिला की शिकायत पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें फेसबुक के जरिए अभद्र सामग्री प्रसारित करने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता महिला ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए लगातार उनके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही हैं। महिला का यह भी आरोप है कि उन्हें इन पोस्ट्स के जरिए आत्महत्या तक के लिए उकसाया जा रहा है।
बता दें कि उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज हुआ था। इसके अलावा, नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उर्मिला के खिलाफ मामला दर्ज है, जिसमें आरती का आरोप था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों से धमकी भरे फोन आने लगे थे।
उर्मिला सनावर तब सबसे ज्यादा चर्चा में आई थीं जब उन्होंने नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी। सोशल मीडिया पर वह अपना नाम ‘एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर’ लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं।
इसके अलावा, अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर सुर्खियों में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोशों और राजनेताओं के इस मामले में शामिल होने संबंधी दावे किए थे। उनके बयानों और राजनीतिक आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भी भेजा था। जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे पूछताछ की गई थी, जिसके दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्य पुलिस को सौंपने की बात कही थी। अब नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज इस नए मुकदमे के बाद उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर काफी बढ़ गई हैं, और पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट व साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
