के.सी. आर्य
खटीमा |जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा में आगामी 26 अगस्त को जश्ने ईद-मिलाद-उन-नबी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आज खटीमा कोतवाली में एक शांति कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की पुरजोर अपील की।
कौमी एकता का प्रतीक है तराई क्षेत्र: के.सी. आर्य
कोतवाली में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक के.सी. आर्य ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने तराई क्षेत्र की विशेषता का जिक्र करते हुए इसे “कौमी एकता का गुलदस्ता” बताया और स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर आपसी सौहार्द को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन के सख्त दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने ईद-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के मद्देनजर कई कड़े और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
-
निर्धारित रूट: जुलूस केवल तय किए गए निर्धारित रूट से ही निकाला जाएगा।
-
प्रतिबंध: धार्मिक वैमनस्यता फैलाने वाले नारों पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा, जुलूस में लाठी-डंडे या किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
-
यातायात और सुरक्षा: पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हाईवे पर किसी भी प्रकार का स्वागत द्वार (गेट) नहीं बनाया जाएगा।
-
विशेष सावधानियां: जुलूस में बच्चों को न लाने की सलाह दी गई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की सख्त अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
