देहरादून | खराब मौसम और लगातार बारिश ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। बुधवार सुबह से ही मौसम के बिगड़े मिजाज और कम विजिबिलिटी के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थिति यह रही कि विभिन्न बड़े शहरों से देहरादून आ रही पांच उड़ानों को सुरक्षित लैंडिंग न हो पाने के कारण अन्य शहरों के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
विजिबिलिटी मात्र 800 मीटर रहने से मंडराए विमान
बुधवार सुबह के वक्त एयरपोर्ट क्षेत्र में विजिबिलिटी गिरकर मात्र 800 मीटर रह गई थी। खराब मौसम के कारण अधिकांश उड़ानें समय पर उतर नहीं पाईं और एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर आसमान में ही चक्कर काटती रहीं। जब मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देशों पर उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर भेजना पड़ा।
किन-किन उड़ानों को किया गया डायवर्ट?
खराब मौसम के चलते जिन पांच प्रमुख उड़ानों का रूट बदलना पड़ा, उनका विवरण इस प्रकार है:
-
सुबह 09:50 बजे: दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
-
सुबह 09:55 बजे: मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर डायवर्ट किया गया।
-
सुबह 10:20 बजे: दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली के लिए लौटा दिया गया।
-
सुबह 11:00 बजे: मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को भी चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
-
दोपहर 12:50 बजे: हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट को चंडीगढ़ भेजा गया।
यात्रियों को उठानी पड़ी भारी परेशानी
इनमें से कई उड़ानें घंटों की देरी से डायवर्ट किए गए शहरों से वापस देहरादून पहुंचीं। उड़ानों के शेड्यूल में आए इस भारी बदलाव के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
