रामनगर
नंदा लाइन सड़क विवाद: जनता ने उठाया सरकारी धन के दुरुपयोग का सवाल
रामनगर: रामनगर नगर पालिका क्षेत्र के नंदा लाइन में शनिवार को सड़क निर्माण को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। पहले से ही मजबूत और दुरुस्त स्थिति में मौजूद सड़क को दोबारा बनाने के लिए तोड़े जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। विरोध के चलते मौके पर पहुंची जेसीबी को काम रोककर वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय निवासियों और नीरज अग्रवाल का आरोप है कि मोहल्लेवासियों ने जनप्रतिनिधियों से काम कुछ दिनों के लिए रोकने का अनुरोध किया था, इसके बावजूद सड़क खोदने के लिए मशीन भेज दी गई। लोगों का कहना है कि वे इस सड़क से पूरी तरह संतुष्ट हैं और उन्होंने इसके पुनर्निर्माण की कोई मांग नहीं की थी। उन्होंने सरकारी धन के उचित इस्तेमाल पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं और ज्ञापन तैयार किया है। स्वतंत्रता दिवस के कारण कार्यालय बंद होने के कारण ज्ञापन नहीं सौंपा जा सका, लेकिन चेतावनी दी गई है कि दोबारा काम शुरू होने पर वे आंदोलन करेंगे।
सभासद का पक्ष
वहीं, क्षेत्र के सभासद शिवी अग्रवाल का कहना है कि सड़क के निर्माण से पहले उसका सीमांकन और नाप-जोख की गई थी, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई। ठेकेदार ने निर्धारित दर से लगभग 28 प्रतिशत कम पर टेंडर लिया है और इस कार्य की कुल लागत करीब 16 से 17 लाख रुपये है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की आपत्ति को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखकर ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
