प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना
देहरादून: प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत उत्तराखंड सरकार ने बीच में पढ़ाई छोड़ चुके और बेरोजगार युवाओं के लिए मुफ्त तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार का बड़ा अवसर शुरू किया है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इन 7 जिलों के युवाओं को मिलेगा लाभ
यह योजना राज्य के सात जिलों—देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत, चमोली और नई टिहरी में लागू की गई है। इसमें 15 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के 10वीं और 12वीं पास युवा पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के तहत चयनित युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में 3 से 4 महीने का पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड कौशल विकास समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-890-2414 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
“यह योजना राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।” — सौरभ बहुगुणा, कौशल विकास मंत्री
