आलोक शर्मा की प्रेस कॉन्फ्रेंस
तीखा पलटवार: राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा का आरोप— 8 महीने की सीसीटीवी फुटेज गायब, सबूत मिटाने की हुई सुनियोजित साजिश
देहरादून।कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आज देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई कथित चोरी के मामले में भाजपा, आरएसएस और राम मंदिर ट्रस्ट पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दशकों तक राम मंदिर आंदोलन का राजनीतिक सहारा लेकर सत्ता के शीर्ष तक पहुँचने वाली भाजपा और आरएसएस आज इस बड़े घोटाले पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। आलोक शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, “जिन्होंने भगवान राम को नहीं छोड़ा, वे भला इस देश को कैसे छोड़ सकते हैं? इन लोगों ने देश की आस्था का सबसे बड़ा सौदा किया है।”
पीएम मोदी ‘मेलोडी’ में व्यस्त, गायब है सीसीटीवी फुटेज
आलोक शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर में इतने लंबे समय से चोरी का खेल चल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इस पर एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री देश के मुद्दों को छोड़ विदेश में ‘मेलोडी’ (मोदी-मेलोनी) करने में ज़्यादा व्यस्त नज़र आ रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर परिसर की पिछले सात से आठ महीनों की सीसीटीवी फुटेज पूरी तरह से गायब कर दी गई है, जो यह साफ दर्शाता है कि सबूतों को मिटाने के लिए सुनियोजित ढंग से काम किया गया है।
आरएसएस कार्यालयों के निर्माण फंड की हो निष्पक्ष जांच
कांग्रेस ने इस पूरे मामले को लेकर केंद्र सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखी हैं। आलोक शर्मा ने मांग की है कि राम मंदिर ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए और पूरे प्रकरण की जांच सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह बड़ा सवाल भी उठाया कि देश भर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जो बड़े-बड़े आलीशान कार्यालय बने हैं, उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि कहीं उनमें राम मंदिर के चंदे का पैसा तो इस्तेमाल नहीं किया गया।
