देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मलयान मोहल्ले (लक्खी बाग) में एक 14 वर्षीय नाबालिग हिंदू किशोरी के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। वारदात का आरोप उसी मकान मालिक के भांजे दानिश पर लगा है, जिसके घर पीड़ित परिवार किराए पर रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शहर में तनाव फैल गया। आक्रोशित हिंदू संगठनों और स्थानीय व्यापार मंडल ने सड़कों पर उतरकर भारी हंगामा किया, आरोपी के रिश्तेदार की दुकान में तोड़फोड़ की और पलटन बाजार को बंद कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
शौचालय गई थी मासूम, मां पहुंची तो खुला राज
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लक्खी बाग चौकी क्षेत्र में किराए पर रहने वाली एक महिला ने तहरीर दी है। शिकायत के मुताबिक, 18 तारीख की देर रात उनकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी घर की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में गई थी। जब वह काफी देर तक नीचे नहीं लौटी, तो चिंतित मां उसे देखने ऊपर पहुंची। वहां उन्होंने देखा कि उनकी बेटी अत्यंत डरी-सहमी हुई थी और रो रही थी। पूछने पर पीड़िता ने रोते हुए आपबीती सुनाई कि मकान मालिक के भांजे दानिश ने उसे जबरन शौचालय के अंदर खींचा और उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की आरोपी के मामा की दुकान पर ही काम करती थी।
सड़कों पर उतरा आक्रोश, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता
जैसे ही इस वारदात की खबर हिंदू संगठनों और स्थानीय निवासियों को हुई, उनका गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के मामा की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रदर्शनकारी नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए जमकर घेराव किया। हिंदू संगठनों की मांग है कि आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने पलटन बाजार और सहारनपुर चौक के पास की दुकानों को बंद कराने की भी कोशिश की, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, आरोपी अभी भी फरार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सीओ सिटी मुयाल ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आरोपी दानिश वारदात के बाद से ही फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी बहुत जल्द कर ली जाएगी और उसे सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
