गर्भवती महिला
देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला में एक गर्भवती महिला के साथ अमानवीय और रूह कपां देने वाली क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटा पाने की चाहत में एक कलयुगी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगा दिया। इस हैवानियत के कारण गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने हरियाणा के पानीपत ले जाकर पत्नी का अवैध लिंग परीक्षण कराया था और गर्भ में तीसरी बेटी होने की बात पता चलने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शादी के बाद खुला पहली दो शादियों का राज
जानकारी के मुताबिक, बालूवाला निवासी शेर सिंह की बेटी सीमा का वर्ष 2019 में जस्सोवाला निवासी बबलू के साथ प्रेम विवाह हुआ था। सीमा की पहले से दो बेटियां हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि बबलू पहले से ही दो शादियां कर चुका है और उसकी एक पत्नी पानीपत में उसकी मां के साथ रहती है। शादी के बाद से ही आरोपी बबलू लगातार सीमा के साथ मारपीट और उत्पीड़न करता रहता था। जब सीमा तीसरी बार गर्भवती हुई, तो आरोपी उस पर लिंग परीक्षण कराने का लगातार दबाव बनाने लगा।
पानीपत में कराया अवैध लिंग परीक्षण, फिर रची हत्या की साजिश
पीड़िता के पिता शेर सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपी हरियाणा से एक गाड़ी लेकर आया और सीमा को जबरन अपने साथ पानीपत ले गया। वहां उसने किसी निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर में अवैध रूप से गर्भस्थ शिशु की जांच कराई। जांच में जैसे ही आरोपी को पता चला कि इस बार भी गर्भ में बेटी ही है, तो उसके सिर पर खून सवार हो गया। पानीपत से लौटने के बाद उसने सीमा को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पानी की टंकी में बैठाकर दिया करंट, मजदूर ने बचाई जान
परिजनों के अनुसार, आरोपी बबलू ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सीमा को पानी की टंकी में बैठा दिया और उसमें बिजली का करंट लगा दिया। इसके बाद भी जब उसका दिल नहीं भरा, तो उसने लकड़ी के फट्टों से सीमा को लहूलुहान होने तक पीटा। दो दिनों तक महिला को इसी तरह अमानवीय यातनाएं दी गईं, जिससे गर्भ में ही बच्ची की मौत हो गई। इस बीच, वहां काम करने वाले एक मजदूर ने किसी तरह मौके से भागकर पीड़िता के परिवार को इस हैवानियत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और सीमा को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोपी हिस्ट्रीशीटर, सहमे परिवार ने मांगी पुलिस सुरक्षा
पीड़िता की दादी कुसुम ने रोते हुए कहा कि आरोपी ने बेटा पाने की चाह में उनकी तीसरी पोती को दुनिया में आने से पहले ही मार डाला, ऐसे दरिंदे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं, पिता शेर सिंह का आरोप है कि बबलू एक शातिर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है, जो पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। वारदात के बाद से आरोपी के कुछ संदिग्ध साथी रात के समय पीड़ित परिवार के घर के आसपास मंडरा रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी का बयान: आरोपी गिरफ्तार, कड़ी सजा की तैयारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी बबलू के खिलाफ हत्या के प्रयास, भ्रूण हत्या और घरेलू हिंसा जैसी गंभीर व सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अदालत से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
