झबरेड़ा विधायक
झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने शिवपुरम कॉलोनी में काटा फीता, कहा- लंबे समय से हो रही थी क्षेत्र की अनदेखी
रुड़की:पनियाला रोड स्थित शिवपुरम कॉलोनी के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने सोमवार को कॉलोनी में पहुँचकर लगातार तीन प्रमुख सड़कों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस विकास कार्य से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी।
शिवपुरम कॉलोनी की कई मुख्य और आंतरिक सड़कें पिछले लंबे समय से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग लगातार इस समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे थे।
नगर निगम प्रशासन पर साधा निशाना
सड़कों के उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने नगर निगम की मेयर और क्षेत्रीय पार्षद की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन और स्थानीय पार्षद द्वारा जानबूझकर इस क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही थी। जनता की बुनियादी समस्याओं को पूरी तरह अनदेखा किया गया, जिसके कारण लोगों को नारकीय हालातों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
विधायक ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब उद्घाटन के बाद इन सड़कों का निर्माण कार्य बेहद जल्द पूरा कर लिया जाएगा और काम की गुणवत्ता पर भी पूरा ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, बुजुर्ग और कांग्रेस विधायक के समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने सड़क निर्माण शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
