ईद
हरिद्वार: आज देश भर सहित धर्मनगरी हरिद्वार और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बेहद अक़ीदत और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ी जुटने शुरू हो गए, जहां देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। त्योहार के मद्देनजर जनपद के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सुबह से ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
ईद की नमाज़ के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मस्जिदों और संवेदनशील चौराहों पर पुलिस कर्मियों की पैनी नजर है।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट हिदायत दी है कि:
-
भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
-
त्योहार के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात संचालन (Traffic Management) की विशेष व्यवस्था की जाए।
सोशल मीडिया पर पुलिस की ‘थर्ड आई’, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्थानीय समुदायों और जिम्मेदार नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
एसएसपी की जनता से अपील: “त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी निगरानी रख रही है। किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पूरे हरिद्वार जनपद में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है, और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।
