एसएसपी नवनीत सिंह भुल्ल
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के चर्चित राजवीर हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस निर्मम हत्या के पीछे अवैध प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध मुख्य कारण था।
शराब पिलाने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक राजवीर अपनी शादीशुदा बेटी के पंकज कुमार नामक युवक के साथ प्रेम संबंधों के सख्त खिलाफ थे। पंकज राजवीर की बेटी से शादी करना चाहता था, लेकिन राजवीर का विरोध उसके रास्ते का कांटा बना हुआ था। इसी रंजिश में पंकज ने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 26 अप्रैल की शाम आरोपियों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास एक खेत में बुलाया और वहां हथौड़े से सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
डिजिटल साक्ष्यों से पकड़े गए हत्यारे
27 अप्रैल को शव मिलने के बाद मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से मुख्य आरोपी पंकज को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, स्प्लेंडर बाइक, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और एटीएम कार्ड बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
