मौसम विभाग
देहरादून | चिलचिलाती गर्मी और बढ़ते पारे से जूझ रहे उत्तराखंड के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने राज्य में मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। मंगलवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
इन जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।
ऊंचाई पर बर्फबारी, मैदानों में बूंदाबांदी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, मैदानी जिलों—खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर—में कहीं-कहीं बिजली चमकने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। देहरादून में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और धूलभरी आंधी के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
तापमान में आएगी भारी गिरावट
पिछले कुछ दिनों से देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया था। मौसम में इस बदलाव के बाद अब अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 3 मई तक बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण लू से बड़ी राहत मिलेगी।
ये भी पढ़े:महिला आरक्षण पर घमासान,विधानसभा गेट पर पलटी गन्ने की ट्राली
