महमूदपुर
रुड़की | पिरान कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में बुधवार को एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब डीजे बजाने को लेकर मुस्लिम समाज के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना उग्र हुआ कि दोनों ओर से गलियों और छतों से जमकर पथराव किया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
डीजे की आवाज बनी विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, महमूदपुर गांव में एक परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। डीजे पर गाना बजाने और उसकी आवाज को लेकर पड़ोसी पक्ष से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, माहौल इतना खराब हो गया कि लोग एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए और जमकर पत्थरबाजी की गई। इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
पथराव की इस सनसनीखेज घटना का वीडियो पास खड़े एक व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्ष कानून की धज्जियां उड़ाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस ने दबिश देकर 7 महिलाओं और 4 पुरुषों सहित कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: एसपी देहात
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़े :महिला आरक्षण पर सियासत तेज: सीएम धामी ने विपक्ष को घेरा
