सीएम धामी
देहरादून | नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। देहरादून के परेड ग्राउंड में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश रैली’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिलाओं को सशक्त बनते नहीं देख सकते, इसीलिए वे ऐतिहासिक फैसलों में बाधा डाल रहे हैं।
ऐतिहासिक कदम को रोकने की साजिश: मुख्यमंत्री
रैली को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को निर्णय-निर्माण में समान भागीदारी देने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ इसी दिशा में एक मील का पत्थर साबित होता, लेकिन विपक्षी दलों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसे सफल होने में अड़ंगे लगाए।
विपक्ष की सोच पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के रवैये को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि यह घटनाक्रम विपक्षी दलों की महिलाओं के प्रति वास्तविक सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा, “जब भी देश की मातृशक्ति को अधिकार देने की बात आती है, विपक्ष किसी न किसी बहाने से उसे रोकने या कमजोर करने की कोशिश करता है। यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं का अपमान है।”
परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब
भाजपा महिला मोर्चा की इस आक्रोश रैली में हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ता जुटीं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हुंकार भरी। रैली के माध्यम से भाजपा ने संदेश दिया कि प्रदेश की महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के फैसलों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।
ये भी पढ़े :लव जिहाद का मामला: होटल में स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं
