यूकेडी
रुड़की। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के रुड़की आगमन पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब गंगनहर पुल के पास पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच उग्र नोकझोंक हुई। पुलिस ने अंततः प्रदर्शनकारियों को बल प्रयोग कर हिरासत में लिया।
बीएसएम चौक से कूच, पुलिस से भिड़ंत
जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता बीएसएम चौक पर एकत्रित हुए। यहाँ से कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर पैदल कूच किया। प्रदर्शनकारी जब मालवीय चौक पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे बैरिकेडिंग को दरकिनार कर आगे बढ़ते रहे।
गंगनहर पुल पर भारी तनाव
पुलिस ने गंगनहर पुल पर भारी बल तैनात कर कार्यकर्ताओं को जबरन रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई। भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने की जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर गंगनहर कोतवाली भेज दिया।
“जनता के मुद्दों को दबा रही सरकार”
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा, “भाजपा लगातार मनमानी कर रही है और उत्तराखंड की जनता के मूल मुद्दों को दबाया जा रहा है। यूकेडी इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगा।” वहीं, रीतू कंडियाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि जमीन पर महिलाएं और युवा परेशान हैं।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है, लेकिन उत्तराखंड क्रांति दल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता के हक की लड़ाई के लिए उनका आंदोलन सड़कों पर जारी रहेगा।
ये भी पढ़े : गौकशी का सनसनीखेज खुलासा, भाजपा नेता पर आरोप
