रन फॉर अवेयरनेस
हल्द्वानी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हजारों युवाओं को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।
शारीरिक व्यायाम नहीं, संकल्प की दौड़ है यह: मुख्यमंत्री
रैली को रवाना करने से पहले उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ मात्र एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प की दौड़ है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “जब आप यहां से कदम आगे बढ़ाएंगे, तो पूरे प्रदेश में यह संदेश जाना चाहिए कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हां’ कह रहा है।”
नशा एक ‘साइलेंट वार’, निशाने पर युवा पीढ़ी
सीएम धामी ने नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे एक ‘साइलेंट वार’ (मौन युद्ध) करार दिया। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा निशाना हमारी युवा शक्ति है। अक्सर युवा मजाक-मजाक में इसकी चपेट में आ जाते हैं, जहां से वापसी का रास्ता बेहद कठिन होता है। यह न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को बर्बाद कर देता है।
मिशन मोड पर सरकार और कड़े कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2020 के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार मिशन मोड पर काम कर रही है।
-
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स: 2022 में इसके गठन के बाद से हजारों गिरफ्तारियां और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की गई है।
-
एटीएफ केंद्र: सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
-
दगड़िया क्लब: युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए इस क्लब का गठन किया गया है।
“नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता से जीती जाएगी। हमें औपचारिकता त्याग कर दृढ़ संकल्प के साथ ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ के लक्ष्य को प्राप्त करना होगा।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
प्रतिष्ठित हस्तियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने स्वयं नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस मौके पर डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, आरएसएस संपर्क प्रमुख (उत्तर क्षेत्र) जसवीर, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों की संख्या में युवा उपस्थित रहे।
