मयूर दीक्षित जिलाधिकारी हरिद्वार
हरिद्वार|मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा के लिए सभी विभागों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। यात्रा से संबंधित हर आधिकारिक जानकारी सूचना विभाग द्वारा नियमित बुलेटिन के माध्यम से साझा की जाएगी।
हेलीकॉप्टर बुकिंग में धोखाधड़ी से बचें
जिलाधिकारी ने फर्जी वेबसाइटों के जरिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे हेलीकॉप्टर सेवा के लिए केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। किसी भी अन्य अनधिकृत पोर्टल से बुकिंग करने पर आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी यात्री की स्वयं की होगी।
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
यात्रा के दौरान भ्रामक और झूठी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसके लिए पुलिस के सोशल मीडिया सेल को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या ग्रुप गलत सूचना फैलाता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुष्टि के बाद ही साझा करें सूचना
प्रशासन ने मीडिया संस्थानों और आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा से जुड़ी किसी भी संवेदनशील सूचना को प्रसारित करने से पहले संबंधित विभाग या अधिकारियों से उसकी पुष्टि अवश्य कर लें। इससे न केवल यात्रियों में भ्रम की स्थिति पैदा नहीं होगी, बल्कि यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
ये भी पढ़े : कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के कार्यक्रम में जेबकतरे का आतंक
