गंगोत्री नेशनल पार्क
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री नेशनल पार्क और एडवेंचर के शौकीनों की पहली पसंद नेलांग वैली, ऐतिहासिक गरतांग गली और गोमुख ट्रेक रूट आज से देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिए गए हैं। शीतकाल के लंबे अंतराल के बाद अब सैलानी इन खूबसूरत और दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटकों का तांता, रोमांच चरम पर
सीजन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से उत्तरकाशी में रौनक लौट आई है। बर्फ से ढकी चोटियों, शांत वातावरण और ऊंचे हिमालयी ट्रेक रूटों पर जाने के लिए युवाओं और विदेशी सैलानियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गंगोत्री नेशनल पार्क के डीएफओ और रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पार्क प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा, “पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।” विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे हिमालयी इको-सिस्टम का सम्मान करें, कचरा न फैलाएं और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का सख्ती से पालन करें।
स्थानीय कारोबार को मिलेगी गति
पार्क और ट्रेक रूट खुलने से स्थानीय होटल व्यवसायियों, गाइडों और पोर्टरों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ पर्यटकों के आने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को नई ऊर्जा मिलेगी।
