'मन की बात'
देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड सुना। राजधानी देहरादून में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज एक ऐसा सशक्त जनसंवाद मंच बन चुका है, जो समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले प्रेरणादायी लोगों को वैश्विक पहचान दिलाने का काम कर रहा है।
शीतकालीन पर्यटन में दर्ज हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्यटन क्षेत्र पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और प्रयासों के चलते उत्तराखंड के पर्यटन को एक नया आयाम मिला है। विशेष रूप से इस वर्ष शीतकालीन पर्यटन में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिली है।
‘ऑल-सीजन टूरिज्म हब’ बनाने का लक्ष्य
सीएम धामी ने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को केवल सीजनल नहीं, बल्कि ‘ऑल-सीजन टूरिज्म हब’ बनाने की दिशा में तेजी से कदम उठा रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है, ताकि प्रदेश में 12 महीने पर्यटकों का आवागमन बना रहे।
रोजगार के बढ़ेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे इन बुनियादी ढांचागत सुधारों से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और होम-स्टे जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि आ रही है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।
