रामनगर
रामनगर (पीरूमदारा): उत्तराखंड के रामनगर स्थित पीरूमदारा क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ धर्मपुर ओलिया गांव में एक युवक ने घरेलू दरांती से खुद का गला काटकर आत्मघाती कदम उठाया। खून से लथपथ युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के पीछे नशे की लत और मानसिक भ्रम को मुख्य कारण माना जा रहा है।
घर के आंगन में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, धर्मपुर ओलिया निवासी प्रदीप सिंह रावत ने देर रात अपने घर के आंगन में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। उस वक्त प्रदीप की माँ, गोदाम्बरी देवी घर के भीतर थीं। जैसे ही वह बाहर आईं, उन्होंने अपने बेटे को लहूलुहान हालत में खुद पर हमला करते देखा। माँ की चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई दीपक रावत मौके पर पहुँचा। दोनों ने मिलकर संघर्ष के बाद प्रदीप के हाथ से दरांती छीनी।
खेत में जाकर छिप गया घायल युवक
परिजनों द्वारा दरांती छीने जाने के बाद घायल प्रदीप वहाँ से भाग निकला और पास के एक खेत में जाकर लेट गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने देखा कि युवक खेत में गंभीर हालत में पड़ा था और उसकी माँ बेसुध हालत में उसके पास बैठी रो रही थी।
नशा और ‘साया’ बना जान का दुश्मन
परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रदीप लंबे समय से नशे का आदी था। पिछले कुछ दिनों से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ लग रहा था। वह बार-बार दावा कर रहा था कि उस पर किसी ‘भूत-प्रेत’ का साया है। इसी वहम और नशे के प्रभाव में आकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की।
ये भी पढ़े : सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ पर कांग्रेस का तीखा प्रहार
अस्पताल में उपचार और रेफरल
पुलिस ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से प्रदीप को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने घाव की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
