प्रदर्शन
लालकुआं। घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री के ‘नाली से गैस बनाने’ वाले पुराने बयान पर तंज कसते हुए तहसील गेट स्थित नाली में पाइप डालकर चूल्हा जलाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान प्रधानमंत्री की तस्वीर के आगे अगरबत्ती जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
खाली सिलेंडर सिर पर रखकर किया मार्च
नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता तहसील गेट पर एकत्रित हुए। वहां से कार्यकर्ता अपने सिर पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महंगाई की मार झेल रही जनता अब गैस की किल्लत से बेहाल है, लेकिन सरकार मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम रेखा कोली के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि रसोई गैस की आपूर्ति तत्काल सुचारू की जाए और कीमतों पर नियंत्रण लगाया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में शासन-प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रमुख उपस्थिति:
प्रदर्शन के दौरान भुवन पांडे के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
