उक्रांद
राज्य और केंद्र की सूची में अंतर से युवा परेशान, बैकलॉग पदों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग
देहरादून : उत्तराखंड क्रांति दल ने प्रदेश में ओबीसी आरक्षण की विसंगतियों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को देहरादून स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उक्रांद के ओबीसी प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. पंकज पैन्यूली ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ेगी।
दोहरी आरक्षण नीति से युवाओं का नुकसान
डॉ. पैन्यूली ने कहा कि प्रदेश की कई जातियां राज्य सरकार की ओबीसी सूची में तो शामिल हैं लेकिन केंद्र की सूची में न होने के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। राज्य की नौकरियों में ओबीसी माने जाने वाले युवा UPSC, रेलवे और बैंकिंग जैसी केंद्रीय परीक्षाओं में ‘सामान्य’ वर्ग में गिने जाते हैं। दल ने मांग की है कि राज्य सरकार तुरंत केंद्र को प्रस्ताव भेजकर इन जातियों को केंद्रीय सूची में शामिल करवाए।
बैकलॉग पदों पर भर्ती की मांग
प्रेस वार्ता में सरकारी विभागों में ओबीसी वर्ग के खाली पड़े सैकड़ों ‘बैकलॉग’ पदों का मुद्दा भी उठा। उक्रांद ने सरकार से मांग की है कि वह रिक्त पदों पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करे और 6 महीने के भीतर विशेष भर्ती अभियान चलाकर इन पदों को भरे।
https://khabargangalive.com/major-accident-averted-in-khanpur-two-cng-laden-trucks-saved-from-blaze/
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
डॉ. पैन्यूली ने कहा कि 25 साल बाद भी पहाड़ के कई क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों को ‘पिछड़ा क्षेत्र’ घोषित करने की मांग की। उन्होंने साफ किया कि यदि सरकार ने मांगों पर गौर नहीं किया, तो उक्रांद गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाएगा और सरकार की उपेक्षा के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा।
