हरिद्वार | उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के पहले ही चरण में हरिद्वार में बड़ी धांधली उजागर हुई है। सलेमपुर महदूद स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान पुलिस और शिक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 फर्जी परीक्षार्थियों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में 4 युवक और 4 युवतियां शामिल हैं।
एडमिट कार्ड की फोटो ने खोला राज:
जानकारी के अनुसार, सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, रावली महदूद के 8 परीक्षार्थियों के स्थान पर ये फर्जी छात्र परीक्षा दे रहे थे। कक्ष निरीक्षकों को प्रवेश पत्र पर लगी फोटो और परीक्षार्थी के चेहरे में अंतर महसूस हुआ। संदेह होने पर जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो पूरा मामला खुल गया।
बड़े गिरोह की आशंका:
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है जो पैसों के बदले फर्जी परीक्षार्थी उपलब्ध कराता है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
