मुख्यमंत्री धामी
चमोली । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चमोली के बिरही (बेडूबगड़) में आयोजित तीन दिवसीय ‘जनजाति समागम 2026’ के समापन अवसर पर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय को सीमा का रक्षक बताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले हमारे भाई-बहन देश के सजग प्रहरी हैं और उनकी उन्नति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय उत्थान
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के लिए आवंटित बजट को तीन गुना बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान” के तहत प्रदेश के 128 गाँवों को चिन्हित किया गया है, जहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने इस समुदाय को केवल वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा सरकार इन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है।
शिक्षा और स्वरोजगार के लिए बड़े कदम
जनजातीय बच्चों के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
-
छात्रवृत्ति: प्राथमिक से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति की व्यवस्था।
-
शिक्षा संस्थान: राज्य में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और 3 नए आईटीआई (ITI) का संचालन।
-
बेटियों को सहायता: जनजातीय बेटियों की शादी के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद।
-
निशुल्क कोचिंग: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग और मासिक भत्ता।
पर्यटन और बुनियादी ढांचे का विकास
सीएम धामी ने बताया कि पलायन रोकने के लिए होम स्टे योजना प्रभावी साबित हो रही है। अकेले चमोली में 800 से अधिक होम स्टे से 4 हजार लोग जुड़े हैं। उन्होंने धार्मिक पर्यटन का जिक्र करते हुए कहा कि टिम्मरसैंण महादेव के सौंदर्यीकरण के लिए 26 करोड़ और हीरामणि मंदिर के लिए 75 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
महत्वपूर्ण घोषणाएं
समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं, जिनमें मुख्य रूप से:
-
नीति घाटी के शीतकालीन प्रवास एवं भूमि संबंधी मामलों का निस्तारण।
-
बेडूबगड़ भोटिया पड़ाव में सामुदायिक भवन का निर्माण।
-
चिपको आंदोलन की जननी स्व. गौरा देवी की प्रतिमा एवं पार्क का निर्माण।
-
बैरासकुंड मंदिर का सौंदर्यीकरण।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा, अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
