सीएम धामी
स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में देशभक्ति की धूम; सीएम धामी ने दिलाई शपथ, बाबा रामदेव ने की खास अपील
देहरादून| 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा उत्तराखंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देहरादून से लेकर बदरीनाथ धाम, देवप्रयाग और थराली तक शान से तिरंगा लहराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व खिलाड़ियों को सम्मानित किया। वहीं, हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में योग गुरु बाबा रामदेव ने ध्वजारोहण कर भ्रष्टाचार, पेपर लीक और युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर गहरी चिंता जताई। बाबा रामदेव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि भ्रष्टाचार और बेईमानी करने वाले देश के शहीदों का अपमान कर रहे हैं, और यदि हालात नहीं सुधरे तो उन्हें फिर से आंदोलन करना पड़ेगा। इसके अलावा, बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने भारत माता के जयघोष लगाए, जबकि देवप्रयाग में पहली बार पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी के जवानों ने संयुक्त तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति की मिसाल पेश की।
