हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे हादसा
दो बाराती बस के मलबे में फंसे, पुलिस ने लोहा काटकर निकाला बाहर | देहरादून से निकाह कर लौट रही थी बारात
हरिद्वार | हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रसियाबड़ गांव के पास बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस और बिजनौर डिपो की रोडवेज बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दो यात्री क्षतिग्रस्त बस के भीतर ही फंस गए।
लोहा काटकर बचाई गई जान
हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बस के भीतर फंसे दो यात्रियों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी; अंततः बस का लोहा काटकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
निकाह की खुशियां बदलीं चीख-पुकार में
मिली जानकारी के अनुसार, बिजनौर के नागल सोती से एक बारात देहरादून गई थी। निकाह की रस्में पूरी होने के बाद मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे सभी बाराती प्राइवेट बस से वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस रसियाबड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते वाहनों का लंबा जाम लग गया।
अस्पताल में भर्ती गंभीर घायल:
अनीश पुत्र मकबूल (नागल सोती)
मुराद अली पुत्र वहीद (नागल सोती)
सुहैल पुत्र मोहम्मद उमर (नागल सोती)
नईम पुत्र इस्लाम (नागल सोती)
नाजिर शाह पुत्र हामिद शाह (शहजादपुर, यूपी)
यातायात सुचारू, जांच जारी
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि हादसे में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि (मौत) नहीं हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया। अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े :उत्तराखंड में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
