अल्मोड़ा: विकास खंड स्याल्दे के अंतर्गत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सराईखेत में न्याय पंचायत गुदलेख का बहुउद्देशीय शिविर ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के तहत धूमधाम से आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी भिकियासैंण, याक्षी अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में जनता की समस्याओं को सुना गया और शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई।
31 विभागों ने लगाए स्टॉल, समस्याओं का हुआ समाधान
शिविर में कुल 31 सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया। दिन भर चले इस शिविर में कुल 75 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष 28 शिकायतों के लिए SDM याक्षी अरोड़ा ने संबंधित अधिकारियों को तीन कार्यदिवसों के भीतर जांच कर समाधान करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, बैंक शाखा की मांग
ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त डुंगरियाल के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक ज्ञापन SDM को सौंपा। इसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए निधि और मानदेय निर्धारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा, सराईखेत क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने और आधार कार्ड सेंटर की समस्या का मुद्दा भी गरमाया रहा। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जब तक स्थाई केंद्र नहीं बनता, तब तक प्रत्येक 15 दिन में आधार कैंप लगाए जाएंगे।
पटवारी की कार्यशैली पर नाराजगी और जर्जर भवनों का निरीक्षण
शिविर में पटवारी क्षेत्र ‘गाजर’ की कार्यशैली को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रोष व्यक्त किया और पटवारी के स्थानांतरण की मांग की। शिविर के बाद अधिकारियों ने ग्राम पंचायत का भ्रमण किया। पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति को देख SDM ने विभाग को तुरंत नए निर्माण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त डुंगरियाल, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि करन जीना, जिला पंचायत सदस्य सुंदर सिंह नेगी, बीडीओ शैलेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
