रामनगर: मोहल्ला गूलरघट्टी क्षेत्र में हुई 20 वर्षीय युवक समीर उर्फ लक्की की निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल ने शुक्रवार को मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
नशे की खुराक को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक और हत्यारोपी दोनों ही नशे के आदी थे।
-
मुख्य आरोपी: नजीर (निवासी मोहल्ला गूलरघट्टी)
-
सह-आरोपी: आशीष (निवासी ग्राम पूछड़ी)
घटना के दिन नशे का सेवन करने के दौरान नशे की मात्रा को लेकर समीर और नजीर के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि नजीर ने तैश में आकर समीर के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
गुरुवार सुबह शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में सीओ सुमित पांडे और कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गई थीं।
-
पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में आरोपियों को दबोच लिया और कत्ल में इस्तेमाल की गई ईंट (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली।
-
शानदार कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹1500 के नकद इनाम की घोषणा की है।
एएसपी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस अब इस महत्वपूर्ण बिंदु पर जांच कर रही है कि आरोपी और मृतक नशा कहाँ से लाए थे। नशा बेचने वाले गिरोहों को चिह्नित किया जा रहा है। साथ ही, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
टीम में शामिल अधिकारी: वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद, दीपक बिष्ट, उप निरीक्षक सोमेंद्र सिंह, तारा सिंह राणा, धर्मेंद्र कुमार और वीरेंद्र बिष्ट।
