ऊधमसिंह नगर| जनपद के बाजपुर स्थित आदर्शनगर मोहल्ले में संचालित एक निजी स्कूल में प्रार्थना के दौरान बच्चों को ‘बिस्मिल्लाह कलमा’ पढ़ाने का मामला गरमा गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद, जिसमें छात्र अरबी भाषा के शब्दों का उच्चारण करते नजर आ रहे हैं, हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा प्रांत मंत्री यशपाल राजहंस के नेतृत्व में हिंदू संगठनों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का आरोप है कि छोटी कक्षाओं के हिंदू छात्रों को जबरन कलमा पढ़ाया गया, जो उनकी धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध है।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र सैनी ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि विद्यालय में कुल 190 छात्र हैं, जिनमें 110 हिंदू और 80 मुस्लिम बच्चे अध्ययनरत हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि स्कूल में पिछले लगभग एक साल से प्रार्थना के समय सभी बच्चों को ‘बिस्मिल्लाह कलमा’ पढ़ाया जा रहा था। हालांकि, वीडियो वायरल होने और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद सोमवार से इस प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
