रास्ते में उल्टी करने के लिए कार से उतरी थी महिला, तभी हुआ हादसा; हायर सेंटर रेफर
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के समीप बजून क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आपसी भिड़ंत की चपेट में आने से झारखंड की एक महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
कार से उतरते ही काल बनकर आई दूसरी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शी पवन जाटव के अनुसार, झारखंड निवासी पुष्पलता (30 वर्ष) अपने परिवार के साथ नैनीताल आ रही थीं। बजून के पास तबीयत बिगड़ने पर वह सड़क किनारे अपनी कार से उतरकर उल्टी कर रही थीं। इसी दौरान दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसकी चपेट में पुष्पलता आ गईं। हादसे में उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर निवासी सुरजीत प्रसाद (35 वर्ष) भी घायल हुए हैं, जिन्हें सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
हालत अत्यंत चिंताजनक
बीडी पांडे अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जब पुष्पलता को अस्पताल लाया गया, तो उनकी स्थिति अत्यंत ‘क्रिटिकल’ थी। वह किसी भी प्रकार का रिस्पॉन्स नहीं कर रही थीं। बाहरी चोटों को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन न्यूरो सर्जिकल ओपिनियन और सीटी स्कैन की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी पवन जाटव और अन्य लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुँचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया जारी है।
