दिल्ली ब्लास्ट के बाद पुलिस की बड़ी मुहिम, बॉर्डर से बाजार तक सघन चेकिंग
दिल्ली में हुए बम विस्फोटों के बाद, हरिद्वार पुलिस ने बुधवार तड़के से ही पूरे जिले को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के सख्त निर्देश पर शहर, देहात, सभी बॉर्डर चेकपोस्ट और धार्मिक स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बॉडी प्रोटेक्टर और ऑटोमेटिक हथियारों से लैस पुलिसकर्मी हरिद्वार-देहरादून हाईवे, उत्तर प्रदेश बॉर्डर, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, हर की पौड़ी और मुख्य बाजारों में हर वाहन और व्यक्ति की गहन तलाशी ले रहे हैं। किसी भी संदिग्ध सामान वाले वाहनों को अलग करके विस्फोटक जांच टीम बुलाई जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं ताकि महाकुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार पूरी तरह सुरक्षित रहे।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल का बयान: एसएसपी डोभाल ने कहा, “दिल्ली की घटना को देखते हुए हरिद्वार में एक इंच भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बॉर्डर पर तीन लेयर की चेकिंग शुरू कर दी गई है और रात-दिन गश्त जारी रहेगी।” उन्होंने जनता से अपील की, “कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, बैग या गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस चौकी पर सूचना दें। आपकी एक कॉल किसी बड़े हादसे को रोक सकती है।”
