देहरादून: उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के विकास को समर्पित राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस अभियान के माध्यम से अब तक करीब डेढ़ लाख लोग सीधे तौर पर लाभान्वित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में जनता को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों और प्रमाण पत्रों के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था। लेकिन अब सरकार खुद चलकर जनता के पास पहुंच रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को घर के पास ही सुविधाएं मिलें। इससे न केवल लोगों के काम आसान हुए हैं, बल्कि जनता का सरकार के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।”
विकास और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो चुका है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य की इस प्रगति को देखकर प्रतिपक्ष परेशान है और बेवजह के मुद्दों को हवा दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने आत्मविश्वास के साथ कहा, “प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है। वह देख रही है कि कैसे धरातल पर बदलाव आ रहा है। जनता का अटूट समर्थन ही हमारी शक्ति है और वह सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।”
