डोईवाला : क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चारु रत्नम फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। फाउंडेशन द्वारा केशवपुरी और राजीवनगर क्षेत्र में ‘शिक्षण, प्रशिक्षण, कौशल विकास, रोजगार, अनुसंधान एवं संवर्धन कार्यक्रम’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न प्रकार के कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान ‘मिशन डेवलप्ड इंडिया-2047’ का लक्ष्य रखा गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी महिलाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। फाउंडेशन का मानना है कि जब महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ेंगी, तो न केवल उनकी परिवार में भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि वे परिवार की आर्थिकी में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।
कार्यक्रम के संस्थापक एवं निदेशक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “यह केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। जब महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो उसका पूरा परिवार सशक्त होता है। एक मजबूत परिवार से ही मजबूत समाज और प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण संभव है।”
महिलाओं के साथ-साथ उनके बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए भी फाउंडेशन ने बड़ी घोषणा की। कार्यक्रम में बताया गया कि सहभागी परिवारों के बच्चों को श्रेष्ठ शिक्षकों, अनुभवी मार्गदर्शकों और करियर काउंसलरों से जोड़ा जाएगा, ताकि नई पीढ़ी का समुचित और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित महिलाओं, उनके परिजनों, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
