बाबा रामदेव बोले- ‘यूसीसी राष्ट्र की एकता का आधार’
हरिद्वार | बैरागी कैंप स्थित शांति कुंज में चल रहे गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह के चौथे दिन रविवार को श्रद्धा, सेवा और राष्ट्रवाद का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस भव्य आयोजन में देशभर से आए हजारों अनुयायियों के बीच योग गुरु बाबा रामदेव और जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज सहित कई प्रमुख संतों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान न केवल आध्यात्मिक चर्चा हुई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
मीडिया से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव ने गायत्री परिवार के अनुशासित प्रबंधन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यहाँ 50 हजार से अधिक लोगों के रहने और खाने का प्रबंधन जिस सादगी और सेवा भाव से किया गया है, वह अद्भुत है। बाबा रामदेव ने टिप्पणी की, “यदि यही आयोजन कोई कॉर्पोरेट संस्था करती, तो हजारों करोड़ रुपये खर्च हो जाते। यह कार्यकर्ताओं के तप और त्याग का ही परिणाम है।” उन्होंने पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के प्रसिद्ध सूत्र “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” को आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
UCC पर बड़ा बयान: समानता और न्याय के लिए जरूरी
समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर बाबा रामदेव ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि यह कानून किसी धर्म विशेष के विरुद्ध नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूसीसी समाज में समानता, न्याय और एकरूपता लाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उनके अनुसार, यह कानून राष्ट्र की एकता को मजबूत करेगा और विशेष रूप से महिलाओं को समान अधिकार व सुरक्षा प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाएगा।
