हल्द्वानी: काठगोदाम के एक होटल में काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े रुख के बाद, इस संवेदनशील प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को इस पूरे मामले की कमान सौंपी गई है।
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मीडिया को बताया कि जांच पूर तरह निष्पक्ष होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
-
वीडियो में नामजद आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
-
संदिग्ध भूमिका वाले कई अन्य व्यक्तियों को भी नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
-
घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
“इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम हर उस व्यक्ति की सुनवाई करेंगे जिसका इस प्रकरण से सीधा या परोक्ष संबंध है।”
— दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर
प्रकरण की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नर कार्यालय ने आम जनता से भी सहयोग मांगा है। यदि किसी के पास इस घटनाक्रम से संबंधित कोई भी तथ्य, वीडियो या साक्ष्य मौजूद है, तो वे निम्नलिखित माध्यमों से सीधे जांच अधिकारी तक पहुँचा सकते हैं.
गौरतलब है कि मृतक किसान सुखवंत सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने प्रॉपर्टी डीलरों पर करीब 4 करोड़ रुपये की जमीन की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। वीडियो में किसान ने न केवल डीलरों के नाम लिए, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।
