खाद्य मंत्री रेखा आर्या का बड़ा ऐलानः पहाड़ों में नेटवर्क की दिक्कत को देखते हुए कोई कार्डधारक परेशान न हो।
उत्तराखंड में लंबे समय से खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड के लिए ई केवाईसी की प्रक्रिया चल रही है. जिसमें फिंगर प्रिंट और रेटिना स्क्रीन के जरिए केवाईसी की जा रही है. राशन कार्ड की ई-केवाईसी को लेकर लोगों को बड़ी राहत मिली है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक फिंगरप्रिंट व रेटिना स्कैन से ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनका राशन किसी भी सूरत में नहीं रोका जाएगा।
राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की भारी समस्या और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मंत्री ने यह मानवीय फैसला लिया है।
जिला पूर्ति निरीक्षक के. के. अग्रवाल ने बताया, “मंत्री जी ने स्पष्ट कहा है कि ई-केवाईसी न होने की वजह से किसी भी गरीब का राशन नहीं रुकेगा। लाभार्थी जब चाहें, अपने नजदीकी राशन डीलर के पास जाकर आराम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए कोई अंतिम तिथि या दबाव नहीं है।”
उन्होंने कहा कि विभाग का पूरा फोकस इस बात पर है कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक पूरा-पूरा राशन पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क नहीं होने से कई लोग केवाईसी नहीं कर पा रहे थे, अब उनकी यह चिंता दूर हो गई है।
