उत्तरकाशी| उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार के जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचने पर आज कलक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिली। युवा कल्याण विभाग के स्वयंसेवकों ने स्वाभिमान मोर्चा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पुलिस के बीच-बचाव के बाद बॉबी पंवार जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मिले, जिसके बाद जिलाधिकारी ने पाँच बिंदुओं पर जाँच के आदेश जारी कर दिए हैं।
कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी
करीब 334 स्वयंसेवकों ने बॉबी पंवार के खिलाफ हल्ला बोला। स्वयंसेवकों ने आरोप लगाया कि बॉबी पंवार ने कल शाम को युवा कल्याण कार्यालय में ताले जड़ दिए थे।
-
स्वयंसेवक सुनीता देवी ने बताया: “बॉबी पंवार ने कल युवा कल्याण ऑफिस में देर शाम को ताले जड़े, जो कि गलत है। अगर वह यह लड़ाई लड़ रहे हैं, तो उन्हें दो दिन पहले विभाग के उच्च अधिकारियों को अल्टीमेटम देना चाहिए था। अगर वह हमें नियमित रूप से नौकरी देने का प्रयास करें, तो हम उनके साथ हैं।”
बॉबी पंवार के गंभीर आरोप, उच्चस्तरीय जाँच की मांग
मुलाकात के बाद स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष बॉबी पंवार ने युवा कल्याण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए।
-
बॉबी पंवार ने बताया: “पीआरडी स्वयंसेवकों की नियुक्ति में पारदर्शिता न होने, वर्दी खरीद, वर्दी धुलाई भत्ता एवं स्टेशनरी के नाम पर प्रस्तुत किए गए बिलों में लाखों की हेराफेरी की गई है।”
-
उन्होंने इस मामले में उच्चस्तरीय जाँच और जिला युवा कल्याण अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की है।
डीएम ने दिए कमेटी बनाकर जाँच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल प्रभाव से जाँच के आदेश दिए हैं।
-
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया: “पूरे प्रकरण की जाँच कमेटी करेगी। जाँच के बाद ही कोई निर्णय निकल पाएगा। पाँच बिंदुओं पर जाँच की जाएगी। पाँच बिंदुओं की जाँच निदेशालय के लिए भेजी जा रही है और अन्य जाँच मेरे स्तर से की जा रही है।
