ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। शहर में प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीनों की शुरुआत की है।
इन जगहों पर लगेंगी मशीनें
ट्रायल बेस पर नगर निगम द्वारा यह मशीनें शहर के 50 प्रमुख स्थानों पर लगाई जाएंगी। इनमें रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, प्रमुख पर्यटक स्थल, शैक्षणिक संस्थान, पार्क और मुख्य चौराहे शामिल हैं। मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि यह कदम देहरादून को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
कचरे से बनेगी चेयर और टेबल
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने जानकारी दी कि इन मशीनों का संचालन मनसा फैसिलिटी एंड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। मशीन में क्रश की गई बोतलों से रिसाइकल्ड रॉ-मटेरियल तैयार होगा, जिसे नगर निगम खरीदेगा। इस मटेरियल का उपयोग टेबल, चेयर, फ्लावर पॉट और घर की सजावटी वस्तुएं बनाने में किया जाएगा। नगर निगम इन निर्मित वस्तुओं का उपयोग शहर के सौंदर्यीकरण और मुख्य चौराहों पर करेगा। इस पहल से न केवल स्वच्छता बढ़ेगी, बल्कि जनता को भी प्लास्टिक निस्तारण के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
