गायत्री परिवार
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, बैरागी कैंप में दिखा भव्य आध्यात्मिक नजारा
हरिद्वार । धर्मनगरी के बैरागी कैंप स्थित ‘शताब्दी नगर’ में आज गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने शिरकत की। दोनों ही अतिथियों ने शताब्दी समारोह की दिव्यता की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
देश-विदेश से पहुंचे अनुयायी समारोह के दौरान पूरा वातावरण वेद मंत्रों और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। देश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण शताब्दी नगर में उत्सव जैसा माहौल दिखा। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गायत्री परिवार मानवीय मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को जगाने का अद्भुत कार्य कर रहा है।
अभेद्य किले में तब्दील हुआ क्षेत्र दो-दो वीवीआईपी हस्तियों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए थे। बैरागी कैंप और शांतिकुंज क्षेत्र के आसपास चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मोर्चा संभाले हुए थे और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया।
प्रशासनिक मुस्तैदी जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारी भीड़ के बावजूद यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थानीय प्रशासन और गायत्री परिवार के स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
