तस्कर गिरफ्तार
काशीपुर । उत्तराखंड में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” को उस वक्त बड़ी सफलता मिली जब काशीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर स्मैक तस्करों को दबोच लिया। आईटीआई थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 108 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 32 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान गिरकर हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खोखरा मंदिर रोड पर संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर सकपका गए और भागने की कोशिश करने लगे। हड़बड़ाहट में कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुराने अपराधी हैं सचिन और सुनील
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सचिन कुमार और सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुके हैं और क्षेत्र में लंबे समय से तस्करी में लिप्त थे।
स्थानीय सप्लायरों पर पुलिस की पैनी नजर
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे यह खेप एक स्थानीय सप्लायर से लेकर आए थे और इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।
“नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। हमने मुख्य सप्लायर को चिन्हित कर लिया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।” —
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़े : सीएम धामी ने हल्द्वानी में ‘रन फॉर अवेयरनेस’ को दिखाई हरी झंडी
