ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड
देहरादून। राजधानी के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोहड़ी गांव में हुए सनसनीखेज ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में देहरादून पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसपी परमेंद्र डोभाल के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में वांछित चल रहे दो मुख्य आरोपी क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सघन चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
30 मार्च की वारदात से जुड़ा है मामला
बता दें कि यह पूरा मामला 30 मार्च 2026 को जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग से जुड़ा है। उस दिन मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से दुखद मृत्यु हो गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में पुलिस अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से 7 पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
एसएसपी का बयान
एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने बताया कि “ब्रिगेडियर हत्याकांड में शामिल फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। सटीक लोकेशन मिलने पर की गई इस कार्रवाई में दो और वांछित अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
