गौरव गोयल
रुड़की। उत्तराखंड की राजनीति में उस वक्त बड़ा भूचाल आ गया जब रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस में शामिल होने के बाद गौरव गोयल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अब सच्चे और समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए कोई स्थान और सम्मान नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सबको साथ लेकर चलने की है, इसी से प्रभावित होकर उन्होंने घर वापसी की है।
विधायक पर साधा निशाना, विकास को बताया ‘फर्जी’
रुड़की के पूर्व मेयर ने स्थानीय राजनीति पर चर्चा करते हुए रुड़की विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पिछले 15 वर्षों से रुड़की को सिर्फ खोखले नारों के अलावा कुछ नहीं मिला। शहर के चौराहों पर महज 100-200 फुट का काम करवाकर अपने नाम के पत्थर लगवा देना विकास नहीं है। हमें ऐसी दिखावे की ‘स्मार्ट सिटी’ नहीं चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मेयर कार्यकाल के दौरान एक सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें विकास कार्य करने से रोका गया।
कांग्रेस प्रत्याशी के लिए ‘तन-मन-धन’ से करेंगे काम
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए गौरव गोयल ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान जिस भी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारेगा, वे अपनी पूरी राजनीतिक ताकत और संसाधन उस प्रत्याशी को जिताने में लगा देंगे। उन्होंने रुड़की कांग्रेस में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि अब पूरी पार्टी एक होकर चुनाव लड़ेगी। गोयल ने दावा किया कि आने वाले समय में देश और प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।
“भाजपा में दम घुट रहा था, वहां कार्यकर्ताओं की कोई पूछ नहीं है। षड्यंत्रकारियों ने मुझे मेयर रहते हुए काम नहीं करने दिया, लेकिन अब कांग्रेस के झंडे तले मैं रुड़की के अधूरे विकास कार्यों को पूरा कर दिखाऊंगा।”(गौरव गोयल, पूर्व मेयर)
ये भी पढ़े: दो गुटों की फायरिंग में राह चलते रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी गोली
