देहरादून चुना भट्ठा
देहरादून। राजधानी के चुना भट्ठा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुल के नीचे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। प्रथम दृष्टया शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
नशे की ओवरडोज का अंदेशा
देहरादून पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच और मौके के हालात को देखते हुए पुलिस को अंदेशा है कि युवक नशे का आदी हो सकता है और संभवतः नशे की अत्यधिक मात्रा के कारण उसकी जान गई होगी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
शिनाख्त की कोशिशें जारी
सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता युवकों का विवरण खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े : ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड के दो और शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर
