नैनीताल| उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा रेलवे भूमि अधिकरण मामले में 10 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट से संभावित बड़े फैसले से पहले जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
24 घंटे निगरानी, असमाजिक तत्व हिरासत में
मंगलवार को, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल को ब्रीफिंग दी। इसके तुरंत बाद, बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
इस मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल ने पुलिस फोर्स को सख्त निर्देश दिए:
-
कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
-
जिन पुलिस अधिकारियों को सरकारी हथियार अलॉट हैं, वे ड्यूटी के दौरान अपने पास रखें।
-
उन्होंने बताया कि पुलिस 24 घंटे बनभूलपुरा क्षेत्र की निगरानी कर रही है, और असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया जा रहा है।
अफवाह न फैलाने की अपील
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की दृष्टिगत प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं और सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फैसले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या सोशल मीडिया में भ्रमित जानकारी न फैलाएं, जिससे शांति व्यवस्था बिगड़ सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला होगा, सभी को मान्य करना पड़ेगा, और कानून हाथ में लेने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
