एमबीपीजी कॉलेज
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल के सबसे अधिक छात्र संख्या वाले एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट दर्जनों छात्र कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए। तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के करीब 40 से 50 प्रतिशत छात्रों के फेल होने से गुस्साए छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया और छत से नीचे कूदने की धमकी दी।
शून्य अंक मिलने पर भड़का आक्रोश
छात्रों का आरोप है कि बीएससी जियोलॉजी के पांचवें सेमेस्टर और तीसरे सेमेस्टर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया है। कई छात्र ऐसे हैं जिन्हें उन विषयों में ‘जीरो’ अंक मिले हैं, जिनमें उन्हें अच्छे नंबरों की उम्मीद थी। विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए कॉपियों की दोबारा जांच की मांग की है। छात्रों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर फेल होने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है और वे आगे दाखिला नहीं ले पाएंगे।
पुलिस और प्रशासन के फूले हाथ-पांव
दोपहर करीब एक बजे जब छात्र तीसरी मंजिल की छत पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे, तो कॉलेज और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद छात्रों को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्राचार्य का आश्वासन
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र बनकोटी ने बताया कि छात्रों की मांगों और उनके आक्रोश से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अंतिम निर्णय उच्च स्तर से ही लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की दखल के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन छात्र अभी भी कॉपियों की दोबारा जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
