फर्जी वोटर बताकर नाम कटने का दावा; हरदा का पलटवार- चमोली मुंहपक्का, जल्द धरमपुर में पदयात्रा और ‘नींबू सन्नी’ पार्टी
भारत में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विपक्षी दलों का हंगामा जारी है। चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया को कांग्रेस ने ‘वोट चोरी की साजिश’ करार दिया है। आरोप है कि लाखों नाम, खासकर आदिवासी, दलित, OBC और प्रवासी मजदूरों के, लिस्ट से काटे जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी SIR पर सवाल उठे हैं, और अब इस मुद्दे ने धरमपुर सीट पर सियासी घमासान छेड़ दिया है।
भाजपा विधायक विनोद चमोली ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को ‘फर्जी वोटर’ बताते हुए सनसनीखेज बयान दिया। चमोली ने कहा, “हरीश रावत हरिद्वार, दिल्ली और पहाड़ में रहते हैं। धरमपुर के माजरा में 74 नंबर बूथ पर वोटर बनना कहाँ का न्याय? उन्होंने एक रात भी यहां नहीं गुजारी होगी। गलत तथ्यों पर वोटर बने हैं। SIR आएगा तो उनका नाम कटेगा।” चमोली ने कांग्रेस पर पूरे देश में ‘वोट चोरी का अभियान चलाने का आरोप लगाया और कहा कि SIR ऐसे ही फर्जी वोटरों को हटाने के लिए है।
इस पर हरीश रावत ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मेरा घर सिर्फ मोहनरी में है। माजरा में मेरा ऑफिस था, जहां में बैठता था। चमोली उस वक्त गायब थे। उन्हें मुंहपक्का रोग हो गया है।” रावत ने चमोली को संदेश देते हुए ऐलान किया कि वह जल्द धरमपुर में पदयात्रा करेंगे। साथ ही बंजारावाला के गड्डों वाली सड़कों पर और अपनाए बूथ पर ‘नींबू सन्नी पार्टी’ का आयोजन करेंगे।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले धरमपुर सीट पर बड़े नेताओं की नजर है। रावत ने हाल ही में खुद को यहां बूथ अध्यक्ष बनाने की बात कही और माजरा का दौरा किया था। अब SIR को लेकर फर्जी वोटर की बहस ने राजनीति गरमा दी है। क्या उत्तराखंड में SIR लागू होगा? यह देखना बाकी है।
