गोचर में आयोजित त्रिवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन; भुवनेश्वरी चंदानी के रूप में पहली बार महिला उपाध्यक्ष निर्वाचित
चमोली/गोचर| चमोली जिले के गोचर में आयोजित अनुसूचित जाति, जनजाति शिक्षक संगठन उत्तराखंड का दो दिवसीय त्रिवार्षिक अधिवेशन नई प्रांतीय कार्यकारिणी के गठन के साथ संपन्न हो गया। इस अधिवेशन में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में शिक्षकों ने शिरकत की।
इन मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा|
दो दिनों तक चले इस अधिवेशन में केवल सांगठनिक चुनाव ही नहीं, बल्कि शिक्षा जगत की चुनौतियों पर भी मंथन किया गया। वक्ताओं ने मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के प्रयास, और सरकारी विद्यालयों में लगातार कम होती छात्रों की संख्या पर चिंता जताई गई और इसके समाधान पर चर्चा हुई।
ऐतिहासिक जीत: पहली बार महिला उपाध्यक्ष
प्रांतीय कार्यकारिणी में पहली बार किसी महिला प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर इतिहास रचा है। नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी चंदानी ने अपनी जीत को ‘लोकतंत्र की जीत’ बताते हुए सभी शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी का बढ़ना एक सकारात्मक संदेश है।
शपथ ग्रहण के साथ समापन
अधिवेशन के अंतिम चरण में निवर्तमान अध्यक्ष संजय टम्टा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद विधिवत रूप से अधिवेशन का समापन किया गया।
