गुलदार का शव
रामनगर : रामनगर वन प्रभाग के रिंगोड़ा ब्लॉक अंतर्गत पंपापुरी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक नर गुलदार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आबादी के बेहद करीब गुलदार का शव मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली है।
शरीर पर मिले गहरे जख्म
रेंज अधिकारी शेखर तिवारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो गुलदार के शरीर पर नाखूनों के गहरे निशान पाए गए। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला दो वन्यजीवों के बीच आपसी संघर्ष का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हमला किसी दूसरे गुलदार ने किया या इलाके में सक्रिय बाघ (टाइगर) ने, यह अभी जांच का विषय है।
NTCA की गाइडलाइन के तहत हुआ पोस्टमार्टम
मृत गुलदार की उम्र करीब डेढ़ साल बताई जा रही है। बुधवार शाम 8 अप्रैल को कॉर्बेट पार्क के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा और उनकी टीम द्वारा रामनगर वर्कशॉप में गुलदार का पोस्टमार्टम किया गया। पूरी प्रक्रिया एनटीसीए की गाइडलाइन के तहत संपन्न हुई।
“मृत गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग 1.5 वर्ष है। इस क्षेत्र में टाइगर की मूवमेंट भी रहती है, इसलिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।” — शेखर तिवारी, रेंज अधिकारी
आबादी के पास शव मिलने से बढ़ी चिंता
पंपापुरी क्षेत्र में आबादी के इतने नजदीक वन्यजीव का शव मिलना सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह शिकार का मामला है या प्राकृतिक संघर्ष का।
