रामनगर। बुधवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद अकबर अहमद डम्पी पर रामनगर के ढिकुली क्षेत्र में करोड़ों रुपए की सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। करणी सेना ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
📌 मुख्य आरोप:
-
करणी सेना युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी ने आरोप लगाया कि बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद (आजमगढ़ निर्वाचन क्षेत्र, 1998-99) अकबर अहमद डम्पी ने विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकुली क्षेत्र में स्थित अपने रिजॉर्ट ‘बैला मुन्डा रिवर साइड आहमा’ के पीछे कोसी नदी, वन विभाग और सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया है।
-
उन पर दुर्गा देवी गेट के अंदर लोहाचौड़, कालाखांड नैनीडांडा ब्लॉक से होते हुए सरकारी जंगलों को काटकर अवैध रूप से सड़क का निर्माण करने और कार्बेट टाइगर रिजर्व के गेट के अंदर रिजॉर्ट निर्माण करने का भी आरोप है।
-
चौधरी ने बताया कि डम्पी के खिलाफ पहले भी नैनीताल के विरासतगंज रामगढ़ में 28 एकड़ जमीन कब्जाने और बेचने के मामले में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
-
करणी सेना ने मांग की है कि देवभूमि उत्तराखंड में हजारों एकड़ सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की जाँच की जाए, अवैध अतिक्रमण को तत्काल ध्वस्त किया जाए और दोषी पर कठोर कार्रवाई की जाए।
